March 6, 2026

काशीपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी ने ऑपरेशन सिंदूर 2.0 को गौरवशाली बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस बार आतंकवाद को जड़ से मिटाएगा। साथ ही कहा कि आतंकियों को मिट्टी में मिलाने वाले पीएम मोदी के वादे को सेना ने पहली रात पूरा किया और बीती रात उनके आकाओं को ठिकाने लगाया है। वीर जवानों के साथ प्रत्येक देवभूमिवासी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि 2014 में पहले दिन ही पीएम मोदी ने अपनी नीति स्पष्ट कर दी थी कि जो हमें छेड़ेगा उसे हम छोड़ेंगे नहीं, करारा जवाब दिया जायेगा। उसी पर अमल करते हुए भारत की सेनाओं के आतंक और उनके आकाओं पर निर्णायक हमले लगातार जारी हैं। केंद्र सरकार देश के विरुद्ध आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए सक्षम और दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा, हमें अपने देश की सेनाओं पर गर्व है कि वे एक के बाद एक पाकिस्तान में दुश्मनों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर रही है। साथ ही कहा, देवभूमि के वीर जवान सीमा पर अपना योगदान तो दे ही रहे हैं लेकिन यहां मौजूद हम सभी लोगों को भी जागरूकता और आपात प्रबंधन में सहयोग से संबंधित कर्तव्यों के निर्वहन के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग अफवाहों का बाजार गर्म कर रहे हैं परंतु हमें ऐसी परिस्थितियों में एकजुट बनकर देश एवं देश की सेनाओं के साथ खड़ा रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *