डीएम भदौरिया ने दिये निर्देश-जनपद में शतप्रतिशत पात्र किसानों को दिया जाये किसान सम्मान निधि का लाभ भी रुद्रपुर। किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की प्राथमिकता व महत्वाकांक्षी योजना है। इसलिए जनपद में शतप्रतिशत पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जाये। यह निर्देश जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में किसान सम्मान निधि की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि माह जून में भारत सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि की किस्त किसानों के खाते में डीबीटी की जानी है। इसलिए एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र किसानों का सत्यापन, ई-केवाईसी एवं बैंक खातो को आधार लिंक कराना सुनिश्चित करें ताकि पात्र सभी किसानों के खाते में धनराशि जा सकें। उन्होने कहा सत्यापन के दौरान जो किसान आयकर दायरे में, भूमि बेचने व अन्य कारण से अपात्र हो गये है उसकी सूची मुख्य कृषि अधिकारी को उपलब्ध कराये ताकि उनके नाम हटवाने हेतु भारत सरकार को भेजे जा सकें। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना ने बताया कि जनपद में 81520 पात्र किसानों में से 80751 किसानों का ई-केवाईसी कर दिया गया है 769 किसानों का ई-केवाईसी कराना है जिसे एक सप्ताह में पूर्ण कर लिया जायेगा। उन्होने बताया कि 7342 किसानों का भौतिक सत्यापन गांववार तैनात विलेज नोडल अधिकारियों द्वारा पीएम किसान एप के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होने बताया कि जिन किसानों ने अपनी भूमि को बेचने या आयकर देय अथवा अन्य कारणों से अपात्र हो गये है वे भौतिक सत्यापन कराने नही आ रहे है। इस कारण प्रकरण लम्बित है। जिस पर जिलाधिकारी ने ऐसे कृषकों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये साथ ही प्रतिदिन सत्यापन आख्या भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि 3424 पात्र किसानों की सूची बैंक खाता आधार सीडिंग हेतु अग्रणी बैंक प्रबंधक के माध्यम से जनपद में स्थित समस्त बैंको को सूची भेजी गयी है। जिस पर जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को एक सप्ताह के भीतर बैंक खातों को आधार सीडिंग कराने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिमवाल, सहायक लीड बैंक अधिकारी शिखा नौटियाल, जिला पंचायतराज अधिकारी महेश कुमार सहित बैंक प्रबंधक मौजूद थे व उप जिलाधिकारी व तहसीलदार वर्चुअल के माध्यम से जुड़े थे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
