देहरादून। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मुनाफे का लालच देकर काशीपुर निवासी एक व्यक्ति से 38.55 लाख रुपयों की ठगी करने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने देहरादून के पटेलनगर से मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार किया है। उसकी ओर से ठगी के लिए प्रयुक्त खाते में दो करोड़ का संदिग्ध लेनदेन भी मिला है। अभियुक्त से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोहर बरामद की गई है। एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि काशीपुर निवासी व्यक्ति ने मार्च में साइबर क्राइम स्टेशन रुद्रपुर में केस दर्ज कराया था। उनका कहना था कि जनवरी में उनको व्हाट्सएप पर निवेश संबंधी मैसेज मिला था। खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने उनको विभिन्न ग्रुपों में जोड़ा था। ग्रुपों के सदस्य निवेश से मुनाफा होने से संबंधित स्क्रीनशॉट साझा करते थे। उसने भी झांसे में आकर जनवरी से मार्च तक अभियुक्त की ओर से उपलब्ध कराए विभिन्न खातों में 38.55 लाख रुपये की धनराशि जमा कर दी। मुकदमे की विवेचना शरद चौधरी निरीक्षक, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र को दी गई। साइबर क्राइम पुलिस की छानबीन में पता चला कि ट्रेडिंग में लाभ कमाने के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित करवाई गई थी। टीम ने तकनीकी और डिजिटल साक्ष्य एकत्र कर घटना के मास्टरमाइंड मूलरूप से मोहल्ला घोसियान नगीना (बिजनौर) और हाल निवासी फ्लैट नंबर 2/628 सेकेंड फ्लोर मंगलम अपार्टमेंट, वन बिहार पित्थुवाला (थाना पटेलनगर-देहरादून) निवासी मो. रिजवान को चिह्नित किया। टीम ने आरोपी को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
