June 1, 2025
IMG_20250531_115108
Spread the love

काशीपुर। 132 केवी बिजली घर से 20 नंबर बिजली घर तक जाने वाली 33 केवी लाइन पर लॉपिंग व चॉपिंग करने को लेकर लगभग तीन साल से क्षेत्रवासियों का ऊर्जा निगम से विवाद चल रहा था। निगम ने अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस सुरक्षा के बीच विवादग्रस्त लाइन पर लॉपिंग चॉपिंग का कार्य कराकर लाइन को शुरू करा दिया है। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन मौके पर मौजूद ऊर्जा निगम व पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हो गया। पुलिस ने एक व्यक्ति का पुलिस एक्ट में चालान कर हिदायत देकर छोड़ दिया। बाजपुर रोड स्थित डिग्री कॉलेज के सामने स्थित 132 केवी बिजली घर से 20 नंबर बिजली घर तक जाने वाली 33,000 केवी लाइन खड़कपुर देवीपुरा चैती चौराहा के पास से होकर गुजरती है। वर्ष 2022 में ऊर्जा निगम की टीम इस क्षेत्र में लाइन पर लॉपिंग व चॉपिंग का कार्य करने पहुंची थी, तब क्षेत्र के भूपेंद्र सिंह व राजविंदर सिंह समेत क्षेत्रवासियों ने इसका विरोध किया था। साथ ही न्यायालय में ऊर्जा निगम के खिलाफ वाद किया था। तब न्यायालय ने सुनवाई के बाद स्टे दे दिया था। पुलिस ने बताया कि न्यायालय ने टूटी तारों को जोड़ने का आदेश नहीं दिया, बल्कि पेड़ों की टहनियों की कांट-छांट का आदेश दिया है। तब विभाग की टीम वापस लौट आई थी। इस मामले में न्यायालय ने वादीगण के अधिवक्ता व प्रतिवादीगण के अधिवक्ता के तकों को सुना। साथ ही पत्रावली का अवलोकन किया। इसके बाद न्यायालय ने प्रतिवादी को पुलिस की सुरक्षा में पेड़ों की लॉपिंग व चॉपिंग करने का आदेश दिया। सिविल जज (जूडि) करिश्मा डंगवाल की अदालत ने सुनवाई के बाद आईटीआई थाना प्रभारी को आदेश जारी किए कि वह ऊर्जा निगम को 33 केवी लाइन से लगे पेड़ों की लॉपिंग व चॉपिंग कराने में सहायता करें।                                                   ऊर्जा निगम के अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल ने बताया कि यह मामला कोर्ट में चल रहा था। न्यायालय के आदेश के बाद सुरक्षा में लाइन से लगे पेड़ों की लॉपिंग व चॉपिंग की गई है। इस दौरान आशंका के चलते आईटीआई थाना के अलावा कोतवाली काशीपुर, कुंडा थाना व जसपुर से पुलिस फोर्स व पीएसी को बुला लिया गया था। एक व्यक्ति भूपेंद्र सिंह विरोध कर रहा था, जिसका पुलिस एक्ट में चालान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *