March 6, 2026

काशीपुर। न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने अप मनी शाखा लिमिटेड काशीपुर के शाखा प्रबंधक राहुल राणा, कर्मचारी अमित व अनमोल देवी पत्नी संजीव कुमार निवासी कचनाल गाजी काशीपुर के विरुद्ध थाना अध्यक्ष आईटीआई को रिपोर्ट दर्ज कर अन्वेषण कराए जाने के आदेश पारित किये हैं। ढकिया नंबर एक काशीपुर निवासी अनीता देवी पत्नी मुकेश कुमार ने अपने अधिवक्ता सूरज कुमार के माध्यम से काशीपुर अदालत में 175(3) बीएनएसएस का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बताया कि वह अपनी आवश्यकता के लिए अप मनी लिमिटेड शाखा काशीपुर में गई थी जहां उसकी मुलाकात शाखा प्रबंधक राहुल राणा व कर्मचारी अमित से हुई थी। उन्होंने बताया था कि आपका लोन हमारी शाखा से हो जाएगा जिस पर बैंक अधिकारियों के कहने पर अनीता देवी ने अपना आधार कार्ड, पहचान पत्र अपने पति मुकेश कुमार के बैंक एसबीआई के चार ब्लैंक चेक आदि प्रपत्र बैंक प्रबंधक राहुल राणा व अमित को दे दिए थे। तब उन्होंने कुछ समय बाद आने को कहा था। कुछ समय बाद अनीता अप मनी लिमिटेड में गई तो उन्होंने बताया कि तुम्हारा लोन नहीं होगा। तुम्हारे आधार कार्ड पर 40,000 का लोन पहले से चल रहा है।‌ इस पर अनीता ने कहा कि मेरे नाम पर कोई लोन नहीं है, जिस पर यह लोग सुनवा नहीं हुए। काफी जांच पड़ताल करने पर पता चला कि शाखा प्रबंधक राहुल राणा, अमित ने अनमोल देवी पत्नी संजीव कुमार से हमसाज होकर अनीता देवी के आधार कार्ड व अन्य कागजातों पर फर्जी तरीके से अनमोल देवी का नाम अंकित कराकर फर्जीवाड़ा कर अनमोल देवी को लोन दे दिया है जिससे अनीता देवी का सिविल स्कोर बिगड़ गया है और उसके मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। जिसकी शिकायत अनीता देवी ने थाना अध्यक्ष आईटीआई व एसएसपी महोदय रुद्रपुर से की थी परंतु कोई कार्यवाही न होने पर 175(3 ) बीएनएसएस का प्रार्थना पत्र अपने अधिवक्ता सूरज कुमार एडवोकेट के माध्यम से काशीपुर अदालत में दायर किया जिसमें न्यायालय ने थाना आईटीआई से रिपोर्ट तलब कर समस्त पत्रावली का अवलोकन कर सूरज कुमार एडवोकेट की बहस संतुष्ट होकर थाना आईटीआई को विपक्षीगण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अन्वेषण कराए जाने का आदेश पारित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *