June 10, 2025
मानव गरिमा ब्यूरो

देहरादून। कांग्रेस की केंद्रीय समिति नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा सकती है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का नैनीताल, भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अलावा तराई और भाबर में अच्छी पकड़ है। उनके विधायकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी अच्छे संबंध हैं। उनका बेटा संजीव नैनीताल विधानसभा सीट से विधायक रह चुका है। बाजपुर से वह खुद विधायक हैं। हालांकि यशपाल आर्य चुनाव लड़ने से मना कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने दावेदारी पेश नहीं की है। पार्टी आलाकमान अगर टिकट देता है तो वह चुनाव लड़ेंगे। ज्ञात हो कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भी नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी है, जबकि भाजपा ने इस मामले में मनोवैज्ञानिक बढ़त बना ली है। कांग्रेस आज शाम को नैनीताल-ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की राज्य समिति ने नैनीताल-लोकसभा सीट से चार दावेदारों के नाम भेजे हैं। इनमें भुवन कापड़ी, महेंद्र पाल, रणजीत रावत और प्रकाश जोशी के नाम हैं। अब देखना है कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति इन नामों में से किसी एक नाम पर मोहर लगाती है, या फिर किसी नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य जैसे कद्दावर नेता को इस सीट से चुनाव लड़वाती है। वैसे
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से दीपक बल्यूटिया और डॉ. गणेश उपाध्याय ने भी दावेदारी पेश की है। हालांकि राज्य की चुनाव समिति ने इनके नाम की संस्तुति नहीं की है। दीपक बल्यूटिया इस समय कांग्रेस के अहम पद पर हैं। वहीं डॉ. गणेश उपाध्याय पूर्व दर्जामंत्री रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *