March 6, 2026
Screenshot_2025-07-02-16-08-47-30

बाजपुर। ट्रैक्टर-ट्राली ने हल्द्वानी डिपो की रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। बस रोककर चालक पीछे की ओर चला तो ट्रैक्टर ट्राली चालक ने उसे कुचल डाला। घटना के बाद मौका पाकर ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मूलतः कल्लूवाला फार्म अफजलगढ़ निवासी 42 वर्षीय सुरजीत सिंह उर्फ मंगा पुत्र निरंजन सिंह हाल निवासी जसपुर उत्तराखंड परिवहन निगम में चालक था। बुधवार को वह हल्द्वानी डिपो की रोडवेज बस संख्या (यूके04/पीए1694) में सवारियां लेकर चंडीगढ़ से हल्द्वानी जा रहा था। बस में 17 सवारी थीं।रास्ते में एनएच-74 पर सुल्तानपुर पट्टी में रामपुर तिराहा के तीव्र मोड़ पर दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने पीछे से बस में टक्कर मार दी। इस पर बस साइड में खड़ी कर चालक सुरजीत नीचे उतरकर बस देखने पीछे चले गए। इस बीच दूसरी साइड से ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर को आगे बढ़ा दिया। जिससे वह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने लोगों की मदद से सुरजीत को सरकारी अस्पताल बाजपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *