March 6, 2026
Screenshot_2025-07-12-20-25-24-29

काशीपुर (मानव गरिमा)। भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑपरेशन “कालनेमी” की शुरुआत कर स्पष्ट संदेश दिया है कि देवभूमि उत्तराखंड की भूमि पर कोई भी सनातन धर्म के साथ खिलवाड़ न करे। ऑपरेशन “कालनेमि” के पहले दिन 25 ढोंगी बाबाओं को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। इनमें एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल था, जो बाबा बनकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था। यह गिरफ्तारी देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र से की गई, जहां एक बांग्लादेशी नागरिक को बाबा के भेष में रहने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। इसके अतिरिक्त, देहरादून में ही अन्य 24 लोगों को भी हिरासत में लिया गया, जो बाबा बनकर लोगों को ठगने का काम कर रहे थे। भाजपा नेता अभिषेक गोयल ने कहा कि आज समाज में ऐसे ढोंगी लोग हैं जो कालनेमी स्वरूप धारण कर सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म भगवा चोला ओढ़कर भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म एवं पवित्र साधु संतो की परंपरागत वेश-भूषा पहनकर घर-घर जाकर भिक्षा मांगते हैं, वह क्या वास्तव में संत हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के महान ऋषि मुनि संत, महा ज्ञानी संत कभी भी इस प्रकार भिक्षा मांगकर अपना भरण पोषण नहीं करते। सनातनी चोला पहनकर भिक्षा मांगने वाले क्या वास्तव में ही ऋषि मुनि हैं? क्या वह भारत और उत्तराखंड के निवासी हैं? क्या उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड, पहचान पत्र है ? उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर विराम लगाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑपरेशन “कालनेमी” की शुरुआत की है। उन्होंने दावा किया है ऑपरेशन “कालनेमि” से ढोंगी बाबाओं की पोल खुल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *