March 6, 2026
IMG_20250819_124602

काशीपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या-30 (कानूनगोयान) में दोबारा चुनाव जीतने के बाद भाजपा पार्षद घर बैठ गये हैं। ये हम नहीं कह रहे, बल्कि समस्याओं से जूझ रही वार्ड की जनता कह रही है। जनता का कहना है कि चुनाव से पहले वार्ड को अपना परिवार कहने वाले पार्षद सुरेश सैनी दोबारा जीतने के बाद उनके पास नहीं आये हैं। लगता है वे अगले चुनाव तक के लिए घर बैठ गए हैं।‌ बताया जा रहा है कि चुनाव से पूर्व जनता से किये गये वादे पार्षद सुरेश सैनी ने पूरी तरह भुला दिये हैं। कुछ सड़कों के निर्माण के अलावा वार्ड में कोई ऐसा कार्य पिछले छह महीनों में शायद ही हुआ हो जिसके लिए पार्षद प्रशंसा के पात्र बनें। कानूनगोयान क्षेत्र में आज सुबह की ही बात करें तो बिना बारिश के मुंशीराम चौराहा से गंगे बाबा मंदिर चौक तक नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्कूली बच्चों और राहगीरों को खासी दिक्कत पेश आई। इस दौरान सफाईकर्मी मशक्कत से नाली खोलते दिखे लेकिन लोगों में पार्षद के प्रति इस बात को लेकर भारी रोष देखा गया कि पार्षद इस ज्वलंत समस्या का ठोस समाधान नहीं कर पाये हैं। उल्लेखनीय है कि ये समस्या कोई नई समस्या नहीं है। सड़क इसके अलावा वार्ड में कई जगह स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा है।‌खंभे से लाइट उतार ली गईं, लेकिन लगवाने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वार्ड में क्षतिग्रस्त कई सड़कों का निर्माण कराने और कई जगह हैंडपंप लगवाने का वादा चुनाव के दौरान किया गया लेकिन गर्मी लगभग बीत चुकी है पार्षद सुरेश सैनी नये हैंडपंप लगवाना तो दूर पुरानों की मरम्मत भी नहीं करा सके हैं। इसके अलावा वार्ड में गिरताऊ मकानों और खाली प्लाटों की ओर भी उनके द्वारा आज तक ध्यान नहीं दिया गया। यही कारण है कि गिरताऊ मकान जहां खतरे का सबब बने हैं वहीं खाली प्लाटों में गंदगी भाजपा के स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रही है। गीता भवन रोड और पुष्पक विहार क्षेत्र इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। वार्डवासियों का कहना है कि यदि चुनावी दिनों की तरह पार्षद जी उनसे मिले-जुलें तो समस्याएं उन्हें बताई जाएं और इन समस्याओं का समय से निस्तारण होने पर वार्ड-30 स्मार्ट वार्ड बनने की दिशा में आगे बढ़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *