काशीपुर। अलीगंज रोड पर फसियापुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन के मरम्मत एवं रख-रखाव के सम्बन्ध में लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर द्वारा नगर निगम महापौर दीपक बाली को ज्ञापन सौंपा गया, जिस पर श्री बाली ने तत्काल कार्रवाई के आदेश पारित कर दिये। इस हेतु क्लब द्वारा महापौर को धन्यवाद दिया गया। महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त विद्यालय भवन की स्थिति अत्यन्त जर्जर अवस्था में है। विद्यालय की दीवारों की दशा अत्यन्त दयनीय है, लिन्टर के सरिये नजर आ रहे हैं। यह स्थिति विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं के लिये अत्यन्त खतरनाक हो चुकी है। बरसातों में छत से धार की तरह पानी बहता है तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण विद्यालय परिसर में जल भराव हो जाता है। विद्यालय परिसर में जहरीले सांपों के घुसने से हमेशा खतरा बना रहता है। पूर्व में सांप द्वारा भोजन माता को डसा भी जा चुका है।
लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर के पदाधिकारियों ने महापौर को अवगत कराया कि विद्यालय परिसर की चार दीवारी की उंचाई कम होने की वजह से रात्रि के समय हमेशा चोरी होने का भय बना रहता है। कुछ समय पूर्व चोरों द्वारा कक्षा-कक्षों के ताले
तोड़कर एलईडी टीवी, पंखे एवं अन्य आवश्यक सामान चोरी कर लिया गया था। इसकी तहरीर टांडा उज्जैन पुलिस चौकी में दी गई थी। महापौर को अवगत अगत कराया गया कि समय-समय पर लॉयन्स क्लब काशीपुर ग्रेटर द्वारा विद्यालय में विकास कार्य जैसे फर्श टाइल्स लगवाना, पंखे लगवाना, बच्चों के बैठने के फर्नीचर एवं आफिस हेतु अल्मारी, मेज इत्यादि दिया गया है।
क्लब के पदाधिकारियों ने महापौर से अनुरोध किया कि समय रहते विद्यालय की दयनीय स्थिति को सुधारने की दशा में कदम उठाए जायें, ताकि विद्यार्थियों की जान का खतरा टल जाये और यहां होने वाले आर्थिक और जानो माल के नुकसान से बचा जा सके। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए महापौर दीपक बाली ने तत्काल कार्रवाई के आदेश पारित कर दिये। क्लब के पदाधिकारियों ने महापौर की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। इस दौरान क्लब अध्यक्ष ला. गौतम मेहरोत्रा, सचिव आशीष पैगिया, कोषाध्यक्ष विपिन तोमर, रीजन चेयरपर्सन अनुराग सोलंकी, मनीष गुप्ता, विवेक पैगिया, पूर्व अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष अभिषेक गोयल समेत लॉयन्स क्लब काशीपुर ग्रेटर के अन्य पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
