March 6, 2026
IMG-20250831-WA0034
भारतीय खेल प्राधिकरण और समस्त खेल संघों के तत्वाधान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस का समापन, "स्वस्थ इंडिया फिट इंडिया" संदेश के साथ निकाली गई रैली

काशीपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण और समस्त खेल संघों के तत्वाधान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस का समापन रविवार को काशीपुर साई सेंटर पर हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अन्तर्राष्ट्रीय एथलीट चेयरमैन उत्तराखंड एथलेटिक्स सलेक्शन कमेटी विजेंद्र चौधरी, जबकि अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जगदीश यादव, पूर्व साईं प्रशिक्षक रमेश खर्कवाल उपस्थित रहे। भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रभारी नीरज कुमार ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिल रैली साई सेंटर से “स्वस्थ इंडिया फिट इंडिया” संदेश के साथ निकाली गई। मंशा रही कि, अगर देश का हर नागरिक स्वस्थ है तो हमारा देश स्वस्थ है। मुख्य मार्गों से होते हुए रैली साई सेंटर पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ। मुख्य अतिथि विजेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रशिक्षक और खेल एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों के आपसी तालमेल से खिलाड़ी अपना नाम रोशन करते हैं और देश के लिए पदक जीतते हैं। आज के जमाने में खेलों में पैसे के साथ-साथ भविष्य भी सुरक्षित है। आज खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी सहित पदक विजेताओं को ढेर सारी लाखों रुपए की रकम भी सरकार द्वारा दी जाती है। 29 अगस्त को हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों को करोड़ों रुपए के चेक देकर उनका मान सम्मान बढ़ाया। आज हमारा देश खेलों की दुनिया में पूरी दुनिया में चमक रहा है। पूर्व साईं एथलेटिक्स प्रशिक्षण के रमेश खर्कवाल ने कहा कि खेल संघ उस मां की तरह है जिसके पास प्यार भी है ताकत भी है और आगे बढ़ाने की क्षमता भी है। खेल संघ के माध्यम से प्रशिक्षक अपने खिलाड़ियों को प्रतिभावान करते हैं और उनका भविष्य बनाते हैं। अंत में साईं केंद्र प्रभारी नीरज कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल संघ का हमें हमेशा सहयोग मिलता रहता है जिससे हमारे खिलाड़ी देश दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर उत्तराखंड उत्तराखंड भारतोलन संघ के सचिव अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टर राजीव चौधरी, मॉडर्न पेंटाथलम के कोषाध्याक्ष दयाल सिंह, उत्तराखंड ताइक्वांडो के अध्यक्ष सरदार महेंद्र सिंह, प्रभारी काशीपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम महेश्वर नेगी, पूर्व साईं प्रभारी रमेश खर्कवाल, तैराक प्रशिक्षक आनंद बोरा, कुश्ती कोच नावेद, टेबल टेनिस कोच ममता रावत, एथलेटिक प्रशिक्षक ओम प्रकाश, बॉक्सिंग प्रशिक्षक वरुण शर्मा, सिकंदर पटेल, प्रतीक्षा, पवन कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *