March 6, 2026
IMG-20250903-WA0068

काशीपुर। कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) के अध्यक्ष पवन अग्रवाल द्वारा अवगत कराया गया है कि हाल ही में अमेरिकी सरकार द्वारा भारत से अमेरिका को निर्यात की जा रही अधिकांश वस्तुओं पर 50% तक का एकतरफा शुल्क (टैरिफ) लागू कर दिया गया है। अचानक लागू हुए इस शुल्क के कारण उत्तराखण्ड राज्य की निर्यातक औद्योगिक इकाइयों के निर्यात कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है, जिससे न केवल उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित होगी बल्कि इस क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक विकास पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। इस गंभीर विषय को ध्यान में रखते हुए केजीसीसीआई अध्यक्ष पवन अग्रवाल द्वारा शासन स्तर पर विस्तृत चर्चा की गयी। चर्चा के दौरान सिडकुल के प्रबंध निदेशक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को शीघ्र ही भारत सरकार के समक्ष उच्च स्तर पर उठाया जाएगा, ताकि प्रभावित औद्योगिक इकाईयों को आवश्यक राहत और सहयोग प्राप्त हो सके। श्री अग्रवाल द्वारा क्षेत्र के सभी उद्योगों से आग्रह किया गया है कि वे अमेरिका द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ से होने वाले विपरीत प्रभावों से केजीसीसीआई को यथाशीघ्र अवगत करा दें ताकि उनका पक्ष एवं चिंताएं सरकार के समक्ष रखकर उनका कोई सकारात्मक समाधान निकाला जा सके। चैम्बर अध्यक्ष का मानना है कि इस गंभीर विषय पर सभी औद्योगिक इकाईयों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग अति आवश्यक है, जिससे सामूहिक रूप से सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से अपना पक्ष रखा जा सके। उन्होंने सभी सदस्य इकाइयों से अपील की है कि वे अपने सुझाव, विचार एवं प्रतिक्रियाएं अवश्य साझा करें, ताकि इस गंभीर समस्या का समाधान समय रहते निकाला जा सके और हमारे क्षेत्र के उद्योगों को उचित राहत प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री सदैव उद्योगों के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी इसी दिशा में ठोस कदम उठाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *