काशीपुर। एक निजी अस्पताल संचालक (डॉक्टर) एवं अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही व गलत इलाज करने से आठ माह के बच्चे की मृत्यु होने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। पुलिस ने तहरीर रिसीव कर समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बुधवार देर सायं नगर के मौहल्ला खालसा निवासी अमरदीप सक्सेना पुत्र कृष्ण गोपाल सक्सेना ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि वह अपने आठ माह के पुत्र शिवांश को बुखार आने पर 28 अगस्त 2025 को मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर गया। वहां मौजूद डॉक्टर ने उसके पुत्र का चेकअप किया और कुछ दवाई देकर कहा कि आप अपने पुत्र को घर ले जा सकते हो परन्तु उसी समय अस्पताल संचालक (डॉक्टर) आ गये और उसके पुत्र को देखकर कहा कि इसे बुखार है, इसलिए पीआईसीयू में भर्ती करना पड़ेगा और उसके पुत्र को अस्पताल में भर्ती कर लिया। भर्ती करते समय पुत्र शिवांश खेल रहा था और अपनी मां का दूध भी पी रहा था, परन्तु अस्पताल संचालक (डॉक्टर) ने उसे ग्लूकोज लगा दिया। अगले दिन 29 अगस्त 2025 को दोपहर लगभग डेढ़ बजे नर्स ने बताया कि शिवांश का बुखार नहीं उतर रहा है, इसलिये अस्पताल संचालक (डॉक्टर) ने उसे इंजेक्शन लगाने को कहा है और नर्स ने इंजेक्शन ग्लूकोज के माध्यम से लगा दिया। दस मिनट बाद ही शिवांश की हालत खराब होने लगी।शिवांश की मां द्वारा अस्पताल संचालक (डॉक्टर) को बुलाने को कहने पर नर्स ने कहा कि वे दगंल में मुख्य अतिथि बनकर गये हैं, इसलिये नहीं आ सकते। बच्चों के अन्य डॉक्टर को बुलाने के लिये कहा तो अस्पताल स्टाफ द्वारा मना कर दिया गया। अमरदीप के मुताबिक इस दौरान शिवांश की हालत काफी खराब होने लगी तो उसके भाई ने अस्पताल संचालक (डॉक्टर) को फोन किया परन्तु उन्होंने आने से मना कर दिया और कहा कि बच्चे को आप किसी अन्य अस्पताल ले जाओ। इस पर वह अपने पुत्र को उसी समय मुरादाबाद लेकर जाने लगे परन्तु कुछ दूर जाने पर ही उसके पुत्र की मृत्यु हो गई। अमरदीप सक्सेना का आरोप है कि अस्पताल संचालक (डॉक्टर) एवं अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही व गलत ईलाज करने से उसके पुत्र की मृत्यु हुई है। अमरदीप ने इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही करने की गुहार पुलिस से लगाई है। पुलिस ने तहरीर रिसीव कर समुचित कार्रवाई हेतु आश्वस्त किया है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
