March 6, 2026
IMG_20250913_143333

काशीपुर। चुनाव के दौरान अपने द्वारा किये गये वायदों को लगातार पूरा करने की दिशा में मेयर दीपक बाली ने काशीपुर की जनता को फिर राहत प्रदान की है। नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर दीपक बाली ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बड़ी घोषणाएं कीं। मेयर श्री बाली ने कहा कि काशीपुर की जनता को संपत्ति संबंधी कार्यों में अब राहत मिलेगी। श्री बाली ने मीडिया को बताया कि हाउस टैक्स की रसीद पर रजिस्ट्री बंद होने से जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। किसी को मकान बेचना था, तो किसी को बेटी की शादी या रोजगार के लिए संपत्ति का उपयोग करना था, लेकिन रजिस्ट्रियां ठप होने से ये सब काम रुक गए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा के बाद जिलाधिकारी और एडीएम के स्तर पर इस समस्या का समाधान निकाला गया है। अब आगामी मंगलवार से रजिस्ट्री कार्यालय खुलते ही रजिस्ट्रियां सुचारू रूप से शुरू हो जाएंगी। वहीं, मेयर ने बताया कि दाखिल-खारिज का मामला भी लंबे समय से अटका हुआ था। नगर निगम बोर्ड ने अपनी पहली बैठक में ही इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर शासन को भेज दिया था। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम ने दाखिल-खारिज का काम 0% शुल्क के साथ शुरू कर दिया है। केवल 1,000 रुपये फाइल चार्ज और एक एफिडेविट (शपथ-पत्र) के आधार पर दाखिल-खारिज कराया जा सकता है। कई लोग अपने काम शुरू भी करा चुके हैं। अनाधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर भी मेयर श्री बाली बेबाक बोले। उन्होंने कहा कि यह जनपद उधमसिंहनगर की एक बड़ी समस्या है। लगभग 1000 कॉलोनियां अनधिकृत रूप से बसी हुई हैं, जिनमें हजारों-लाखों लोग रह रहे हैं। इन कॉलोनियों की रजिस्ट्री व नक्शा पास न होने से लोग परेशान हैं। इस पर मुख्यमंत्री को वन टाइम सेटलमेंट योजना का प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ-साथ कॉलोनी काटने वालों से भी एफिडेविट लिया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी गड़बड़ी न हो। मेयर यहीं नहीं रुके। उन्होंने मास्टर प्लान पर भी बात की। कहा कि इसे व्यवहारिक रूप देने के लिए पहले वाला ड्राफ्ट रोका गया था। अब नई योजना बनाई जा रही है, जिसमें पहले से बसी आबादी और पुरानी कॉलोनियों को उसी रूप में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर होगा। उन्होंने नया मास्टर प्लान आगामी 3-4 महीने में आने की संभावना जताई। मेयर श्री बाली ने भरोसा जताया कि इन फैसलों से काशीपुर की जनता को बड़ी राहत मिलेगी और शहर के विकास कार्य तेज रफ्तार से आगे बढ़ते दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *