March 6, 2026
Screenshot_2025-07-24-15-17-12-83

            मुरादाबाद। एसएसपी सतपाल अंतिल ने जिले के तीन सीओ और तीन इंस्पेक्टरों को इधर से उधर किया है। आरोप है कि ठाकुरद्वारा सीओ और थाना प्रभारी लापरवाही के आरोप में हटाए गए हैं। एसएसपी सतपाल अंतिल ने रविवार को समीक्षा के आधार पर सीओ ठाकुरद्वारा गौरव कुमार त्रिपाठी को सीओ कार्यालय/जनशिकायत/यूपी-112 और सीओ यातायात की जिम्मेदारी सौंपी है। ठाकुरद्वारा सर्किल में सीओ कांठ आशीष प्रताप सिंह को तैनाती दी गई है। सीओ राजेश कुमार तिवारी को सीओ मुख्यालय और न्यायालय संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी तरह थाना प्रभारी ठाकुरद्वारा जसपाल सिंह ग्वाल को वहां से हटाकर कुंदरकी का थाना प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार थाना प्रभारी छजलैट संजय पांचाल को ठाकुरद्वारा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। थाना प्रभारी कुंदरकी प्रदीप कुमार सहरावत को छजलैट का थाना प्रभारी बनाया गया है।
इस बारे में एसएसपी ने बताया कि समीक्षा के दौरान सीओ ठाकुरद्वारा की लापरवाही प्रकाश में आई थी लेकिन यह मामला गोकशी वाले सपा नेता से नहीं जुड़ा है। अन्य मामलों में लापरवाही प्रकाश में आई थी। तीनों थाना प्रभारियों को समायोजित किया गया है। ठाकुरद्वारा के शिवनगर पत्थर खेड़ा में 25 जुलाई को हुए गोकशी के मामले में पुलिस की कार्रवाई से साधु-संत और हिंदू संगठन संतुष्ट नहीं है। इस मामले में प्रमुख रूप से सक्रिय शिवनगर मंदिर के महंत बच्चा बाबा ने बताया कि साधु संतों और हिंदू संगठनों की एक बैठक हुई है। जिसमें पुलिस की इस मामले में की गई कार्रवाई पर चर्चा की गई। जिसमें उपस्थित लोगों ने कहा कि पुलिस ने गोकशी के मामले में की गई कार्रवाई में लापरवाही की है। 25 जुलाई को सुबह 9:35 पर घटना को दिखाया गया है जबकि यह घटना सुबह लगभग 4:00 बजे की थी।
जिसके सबूत उनके पास है। इसमें एक आरोपी ने अपने बचाव के लिए अपनी लोकेशन 9:30 बजे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई है। पुलिस की लापरवाही के चलते इस मामले के कई आरोपियों को कोर्ट से जमानत भी मिल चुकी है। बच्चा बाबा ने कहा कि शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस प्रशासन के स्थानीय और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेगा। उन्हें अपने असंतोष को अवगत कराएगा। यदि कोई कार्रवाई नहीं हो तो इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ले जाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *