काशीपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर पांच दशक से निकाली जा रही उत्तर भारत की प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक मां मनसा देवी जी की शोभायात्रा इस वर्ष 53वें वार्षिकोत्सव के रूप में मंगलवार, 30 सितंबर को शारदीय नवरात्र की अष्टमी के दिन नगर के मौहल्ला लाहौरियान स्थित मां मनसा देवी मंदिर प्रांगण से दोपहर एक बजे से अत्यंत धूमधाम से निकाली जाएगी। इससे पूर्व प्रतिवर्ष की भांति मंदिर में हवन पूजन इत्यादि विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। अपराह्न ज्योति प्रज्ज्वलन के उपरांत शोभायात्रा आरंभ होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान आदि विभिन्न प्रदेशों के विभिन्न शहरों के कलाकारों द्वारा स्वचलित व हस्तनिर्मित झांकियां, नृत्य झांकियां व अखाड़ा आदि श्रृद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय व बाहर से आ रहे बैंड-बाजे भी शोभायात्रा को खास बनाएंगे। आयोजन समिति ने बताया कि शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उधर, शोभायात्रा के दृष्टिगत आयोजन समिति द्वारा मां मनसा देवी मंदिर के साथ ही मुंशीराम चौराहा से गंगे बाबा मंदिर चौक तक आकर्षक लाइटें लगाई गई हैं, जो श्रृद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। आयोजन समिति ने आगामी मंगलवार, 30 सितंबर को निकलने वाली शोभायात्रा में भारी संख्या में सहभागिता निभाने का आह्वान श्रृद्धालु जन से किया है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
