March 6, 2026
IMG_20250927_215611

काशीपुर। एक महिला ने काशीपुर के चार प्रॉपर्टी डीलरों पर प्लाट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने चारों डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आकांक्षा गार्डन निवासी पुष्पा शर्मा पत्नी पुष्पेंद्र शर्मा ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा के जनता दरबार में तहरीर देकर बताया कि ग्राम सरवरखेड़ा में प्रॉपर्टी डीलर कमल अरोरा, सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और विनोद यादव ने ‘नव्या कंस्ट्रक्शन’ के नाम से कॉलोनी काटी थी। इसमें उसने और कई अन्य लोगों ने प्लॉट खरीदे। आरोप है कि उक्त डीलरों ने लोगों से आधा और पूरा पैसा लेकर रजिस्ट्री तथा दाखिल-खारिज भी करा दी थी। महिला के अनुसार, जब वह और अन्य खरीदार अपने प्लाटों पर कब्जा लेने और मकान बनाने पहुंचे, तो देखा कि जमीन पर किसान ने फसल बो दी है। किसान ने बताया कि आरोपियों ने उसे जमीन का पैसा नहीं दिया है। महिला का कहना है कि डीलरों से कई बार संपर्क करने पर वे सिर्फ तारीख पर तारीख देते रहे। अब पांच साल बीत चुके हैं। कभी-कभी संपर्क होने पर वे गाली-गलौज करते हैं। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने चारों डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *