March 6, 2026
IMG_20250529_171907

काशीपुर। डिग्री कालेज छात्रसंघ चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जतिन शर्मा की रिकॉर्ड वोटों से हुई जीत ने ये साबित कर दिया है कि युवा वर्ग अपनी पसंदीदा पार्टी और चेहरे को आगे बढ़ाकर अपने और महाविद्यालय के हित सुरक्षित करना चाहता है। यह कहना है कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा का। प्रेस को जारी बयान में गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं का एबीवीपी प्रत्याशी के समर्थन में लाव-लश्कर के साथ मैदान में उतरना छात्र-छात्राओं को नागवार गुजरा और उनके द्वारा अपना एकतरफा समर्थन कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जतिन शर्मा को देते हुए उन्हें रिकॉर्ड वोटों से अपना अध्यक्ष चुनकर यह जता दिया कि महाविद्यालय का हित उन्हीं के हाथों में सुरक्षित है। गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि सर्वविदित है कि छात्र राजनीति से देश व प्रदेश की राजनीति का मार्ग प्रशस्त होता है। ऐसे में राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के इस बार हुए छात्रसंघ चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की जीत ने भविष्य की राजनीति की पटकथा तैयार कर दी है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड से भाजपा की विदाई सुनिश्चित हो गई है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से जहां सत्तारूढ़ दल के नेताओं और एबीवीपी कार्यकर्ताओं को करारा झटका लगा है, वहीं जतिन को अपना समर्थन देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं व डिग्री कालेज के छात्र-छात्राओं एवं जतिन के शुभचिंतकों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। गौतम मेहरोत्रा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष जतिन शर्मा समेत छात्रसंघ की नई टीम को कांग्रेस पार्टी की ओर से शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा की है कि वे महाविद्यालय व छात्र-छात्राओं के हितार्थ कार्य करते हुए अपनी और कांग्रेस पार्टी की विशिष्ट पहचान कायम करने में कभी पीछे नहीं रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *