March 6, 2026
Screenshot_2025-07-24-15-17-12-83

काशीपुर। एआई से जेनरेट की गई नग्न तस्वीरें व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने अपने पति व रिश्तेदार के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। मामला बीती 14 जून से 20 जुलाई तक की घटनाओं से जुड़ा बताया जा रहा है। काशीपुर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि उसके पति नितिन पुत्र स्व. धीरेन्द्र शर्मा, निवासी किरतपुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.) ने मोबाइल से 14 जून 2025 को व्हाट्सएप पर अपमानजनक संदेश भेजे और बाद में उसकी एआई से जेनरेट की गई नग्न तस्वीरें भेजकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत में आगे कहा गया है कि 18 जुलाई 2025 को काशीपुर कोर्ट परिसर के पास नितिन वाहन संख्या यूपी 20 सीके 5146 से उसके पास आया और तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर कहा कि मेरी बात नहीं मानी तो तेरे नग्न फोटो वायरल कर देंगे। उसी रात नितिन ने एक और आपत्तिजनक संदेश भेजा। शिकायत में यह भी बताया गया है कि 20 जुलाई 2025 को गौरव धीमान के मोबाइल से भी व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर आपत्तिजनक बातें कही गयीं। तहरीर में बताया गया कि नितिन व गौरव और अन्य लोग लगातार उसे मैसेज करके एआई से नग्न वीडियो बनाकर और यौन संबंध बनाने के लिए दबाव बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं। वह स्वयं साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि की है और उसके पिता भी गरीब हैं। पीड़िता ने कहा कि अगर ये लोग उसे बदनाम कर देते हैं तो उसके पास कोई विकल्प नहीं बचेगा। शिकायत के साथ कथित स्क्रीनशॉट की प्रतियां भी कोतवाली में जमा करवाई गई हैं। पीड़िता ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए स्थानीय पुलिस से तत्काल कानूनी कार्रवाई व संरक्षण की गुहार लगाई है। साथ ही अनुरोध किया है कि आरोपों की त्वरित जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए ताकि उसकी इज्जत व सुरक्षा बनी रहे। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *