March 6, 2026
IMG_20251012_134344

मोदीनगर। भोजपुर में वेयर हाउस से बरामद सवा छह करोड़ के पटाखों के मामले में जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बरामद पटाखे उत्तराखंड के उधमसिंहनगर जिला स्थित काशीपुर से आए थे। आरोपियों ने आतिशबाजी की बिक्री के लिए हापुड़ शहर में ऑफिस खोल रखा था। लगभग एक से डेढ़ करोड़ के क्रैकर्स की बिक्री हो चुकी थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंहल निवासी न्यू आलोक मेरठ रोड हापुड़ का वेयर हाउस था। धर्मवीर निवासी जशलोक नगर हापुड़ चौकीदार होने के साथ हापुड़ मोदीनगर रोड निवासी अमित कुमार के साथ मिलकर पटाखों की बिक्री में शामिल था। आरोपियों ने लगभग डेढ़ माह पहले माल का स्टॉक भरा था। बिक्री के लिए ऑर्डर हापुड़ में खोले गए ऑफिस में लिए जाते थे। इसके बाद रात में अंधेरे में निजी वाहनों के जरिए पटाखों की खेप दुकानदार तक पहुंचाई जाती थी। मालूम हो कि शुक्रवार को भोजपुर पुलिस ने एसीपी अमित सक्सेना और एसडीएम मोदीनगर अजीत सिंह के निर्देशन में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निकट स्थित गोल्डन ट्रेडिंग एजेंसी के नाम से स्थित वेयर हाउस में छापा मारा। वेयर हाउस के दो गोदामों से बड़ी संख्या में पटाखों की खेप बरामद की गई थी। अधिकारियों के अनुसार बरामद पटाखों की कीमत लगभग सवा छह करोड़ रुपये है। एसडीएम अजीत सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक है। खुलेआम भंडारण और बिक्री की जा रही थी। नियमानुसार कार्रवाई कर गोदामों को सील कर दिया गया है। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि गोदामों से लगभग तीन लाख 44 हजार किलो पटाखों का भंडारण मिला है। मौके पर अग्निशमन यंत्रों की कोई सुविधा नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *