March 6, 2026
IMG-20251018-WA0005

        काशीपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विकल्प गुड़िया ने उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के योजना, उद्योग, वित्त और विदेश जैसे मंत्रालयों के मंत्री रहे विकास पुरुष पं. नारायण दत्त तिवारी की 100वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि तिवारी जी देश के उन चुनिंदा नेताओं में से एक थे जिनकी सोच केवल और केवल विकास की थी। श्री तिवारी ने अपनी कर्मस्थली काशीपुर में जो विकास की गंगा बहाई, वह अभूतपूर्व थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में काशीपुर में जिस प्रकार उद्योगों का जाल बिछाया, उसकी कल्पना कर पाना आज के युग में असंभव है। उन्होंने अपने परम मित्र एवं सहयोगी स्व. सत्येंद्र चंद्र गुड़िया के साथ जो विकास के आयाम इस क्षेत्र के लिए स्थापित किए वह आज भी मिल का पत्थर साबित है । विकल्प ने कहा श्री तिवारी ने इस क्षेत्र के विकास में जो योगदान दिया उसे यहां की जनता कभी भुला नहीं सकती। आज हम उन महान शख्सियत को उनकी 100वीं जयंती पर स्मरण करते हुए केवल यही प्रार्थना कर सकते हैं कि ईश्वर उनके विराट व्यक्तित्व से हमें प्रेरणा देने की शक्ति प्रदान करें। उत्तराखंड की मजबूर नींव डालने पर प्रकाश डालते हुए विकल्प ने कहा कि आज उत्तराखंड जिस सुदृढ़ तरीके से खड़ा है उसके पीछे एकमात्र कारण श्री तिवारी की विकास परख सोच है उन्होंने जिस प्रकार पंतनगर, हरिद्वार और सितारगंज में सिडकुल स्थापित कर यहां के युवाओं को रोजगार देने का सफल प्रयास किया और देश के बड़े-बड़े उद्योग घरानों को इन क्षेत्रों में स्थापित किया उसी के कारण आज उत्तराखंड आर्थिक रूप से मजबूत है। अंत में विकल्प ने कहा कि श्री तिवारी के योगदान को पूरे प्रदेश की जनता कभी भुलाया नहीं सकती आज हम सभी उस महान आत्मा को पुनः स्मरण करते हुए उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *