March 6, 2026
ManavGarima Logo

काशीपुर। शहर में जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए यातायात पुलिस ने मेयर दीपक बाली के साथ बैठक की। इस दौरान ट्रैफिक नियमों को लेकर शहर में जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में मेयर दीपक बाली और यातायात निरीक्षक नीरज कुमार सहित निगम अधिकारियों, ट्रैफिक पुलिस व अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने वार्ता की। इस दौरान शहर में जाम का स्थायी समाधान निकालने के लिए निर्णय लिए गए। कहा कि नगर निगम की ओर से सभी ई-रिक्शा चालकों का 100 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। केवल मूल निवासी चालकों को ही पंजीकरण की अनुमति दी जाएगी। सभी ई-रिक्शाओं के लिए रूट और स्टैंड तय किए जाएंगे ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे। ई-रिक्शा चालकों के लिए नगर निगम की ओर से सुविधा कैंप लगाए जाएंगे जिनमें पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। मेयर ने कहा कि सभी ई-रिक्शा चालक आठ नवंबर तक अपना पंजीकरण नगर निगम के टैक्स अनुभाग में अनिवार्य रूप से करा लें। इसके बाद नगर निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। यातायात निरीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम मिलकर एक संयुक्त कार्य योजना पर काम करेंगे ताकि शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात पूरी तरह सुचारू रह सके। साथ ही ट्रैफिक नियमों को लेकर शहर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और बिना पंजीकरण या निर्धारित रूट से बाहर चलने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *