काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज मंगलवार को संविधान दिवस के अवसर पर “वन्देमातरम” गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गायन का आयोजन हुआ। राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत गायन के उपरान्त असि. प्रोफे. डाॅ. रंजना ने संविधान दिवस पर संविधान पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्या डाॅ. कीर्ति पन्त के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी डाॅ. रंजना के संयोजन में राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को संसदीय प्रक्रिया संचालन की जानकारी दी गई। संसदीय कार्यवाही का प्रारम्भ करते हुए सर्वप्रथम स्पीकर द्वारा युवा सांसदों का स्वागत करते हुए शपथ ग्रहण कराई गई। तत्पश्चात् महासचिव द्वारा शपथ प्रतिज्ञा कराई गई। कार्यवाही को आगे बढ़ाने से पूर्व दिल्ली में हुई आतंकवादी घटना में मारे गये निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन धारण किया गया। तत्पश्चात् प्रश्नकाल की कार्यवाही प्रारम्भ की गई, जिसमें प्रतिपक्ष के सदस्यों द्वारा शिक्षा, रोजगार, महंगाई, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से सम्बन्धित प्रश्न पूछे गये, जिसका सरकार के विभागीय मंत्रियों द्वारा सदन में उत्तर दिया गया। कुछ प्रश्नों के उत्तर में प्रतिपक्ष के सदस्यों द्वारा कड़ी आपत्ति जताई गई और सरकार पर झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया गया। शून्यकाल में भी लोकमहत्व के महत्वपूर्ण प्रश्नों को पूछा गया। भोजनावकाश के पश्चात सदन में समान नागरिक संहिता जैसा महत्वपूर्ण बिल प्रस्तुत किया गया जिसे जोरदार विचार-विमर्श के पश्चात पारित किया गया। अन्त में प्रधानमन्त्री के अभिभाषण से अध्यक्ष द्वारा सदन समाप्ति की घोषणा की गई। सदन में अध्यक्ष की भूमिका में वेदिका, प्रधानमन्त्री की भूमिका में काजल कश्यप एवं विपक्ष के नेता की भूमिका में रीना कौर रहीं। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डाॅ. रंजना ने किया। संसदीय कार्यवाही पूर्ण होने के बाद प्राचार्या द्वारा छात्राओं को सम्बोधित करते हुए उनके प्रदर्शन की प्रशंसा की एवं उन्हें संसदीय परम्पराओं से अवगत कराया। इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, डाॅ. रमा अरोरा, डाॅ. वंदना सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. ज्योति रावत, डाॅ. पुष्पा धामा, डाॅ. मंगला, डाॅ. ज्योति गोयल, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, श्रीमती कृति टण्डन एवं सृष्टि सिंह आदि उपस्थित थे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
