March 6, 2026
IMG-20251204-WA0001

काशीपुर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश मुख्य संरक्षक एवं हिन्द मजदूर सभा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा (विद्यार्थी भैया) ने सवाल उठाया है कि काशीपुर के जनप्रतिनिधि काशीपुर की समस्यायों का निदान क्यों नहीं कर रहे हैं? उनका कहना है कि काशीपुर की तमाम ज्वलंत समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों को शीघ्र कदम उठाना चाहिए। समस्याएं गिनाते हुए विद्यार्थी भैया ने कहा कि काशीपुर चीनी मिल के मजदूरों एवं कर्मचारियों के ४२ करोड़ रुपए का भुगतान आज तक नहीं हो सका है। काशीपुर के उत्तराखंड निर्माण के राज्य आन्दोलन कारियो का चिन्हीकरण करने में भी लगातार हीलाहवाली की जा रही है। छह दशक से अधिक पुरानी काशीपुर जिले की मांग की निरंतर अनदेखी कर काशीपुर जिले की घोषणा नहीं कराई जा रही है, जबकि काशीपुर हर तरह से जिले के लिए उपयुक्त है। रामनगर रोड पर होटल अनन्या के समीप अधूरे फ्लाई ओवर की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि उसका पूर्ण निर्माण आखिर कब होगा। बदहाल रोडवेज बस स्टैंड के संदर्भ में उन्होंने बताया कि विकास पुरुष पं. नारायण दत्त तिवारी ने काशीपुर को नये रोडवेज बस स्टैंड की सौगात दी थी, लेकिन अब यह पूरी तरह बदहाल है। इसके नवनिर्माण एवं शिफ्टिंग के लिए कोई प्रयासरत नहीं है। काशीपुर में सहायक श्रमायुक्त कार्यालय भी नहीं बन सका है। उन्होंने मांग उठाई कि मुंसीराम चौराहा का नाम मां मनसा देवी चौराहा तथा डॉक्टर लेन हलवाई लेन का नाम पूर्व विधायक स्व. पंडित रामदत्त जोशी के नाम पर रखा जाये, यह प्रस्ताव नगर पालिका में पास है लेकिन पत्थर नहीं लगा। उन्होंने कहा कि काशीपुर के सभी कुओं की सफाई तथा मरम्मत कराया जाना भी सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा जनहित की तमाम मांगों की ओर भी विद्यार्थी भैया ने ध्यान आकर्षित करते हुए इनके निराकरण की मांग पुरजोर ढंग से उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *