काशीपुर। सहायक समाज कल्याण अधिकारी ने पति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद देवर व उसके परिवार पर जेवर और सरकारी सामान हड़पने और तीन वर्षीय पुत्री सहित घर से निकालने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। प्रकाश सिटी निवासी ललिता ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि उनके पति पटवारी दौलत सिंह की बीती 27 अगस्त को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस ने उनके शरीर से मिली सोने की चेन और डायमंड रिंग देवर पाकेश कुमार को सौंपी थी। आरोप है कि कई बार मांगने के बावजूद देवर ने जेवर वापस नहीं किए। इसके अलावा पति की कार में रखा सरकारी लैपटॉप, बहुद्देशीय वित्त निगम की रसीद बुक और सात हजार रुपये भी अपने पास रख लिए। ललिता का आरोप है कि पति के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद देवर और उसके परिवार ने उसे और उसकी तीन वर्षीय पुत्री को घर से निकाल दिया। वह वर्तमान में विकास खंड जसपुर में कार्यरत हैं। आरोप है कि देवर व उसके साथी उसकी रेकी करते हैं और रास्ते में बाइक से पीछा कर भाई का कातिल बताकर मानसिक उत्पीड़न करते हैं। पति की मौत के छह दिन बाद ही देवर ने ससुर से कृषि भूमि अपने नाम करा ली और उस पर झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया। आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की सघन जांच की जा रही है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
