March 6, 2026
IMG-20251226-WA0268

काशीपुर। काशीपुर में महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण हेतु महापौर दीपक बाली ने अधिकारियों के साथ मौका मुआयना कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि उनका प्रयास है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फरवरी माह से चौराहे का सौंदर्यीकरण शुरू हो जाए। बताया कि इस क्षेत्र में पौधारोपण, फैंसी लाइट के साथ-साथ गुरुद्वारा होने के चलते आर ओ बी के नीचे आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए थोड़ा सा पार्किंग क्षेत्र भी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सौंदर्यीकरण के नाम पर चौड़ीकरण हेतु कहीं भी किसी तरह की कोई तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। उनके साथ पेयजल परियोजना प्रबंधक तथा अधिशासी अभियंता प्राधिकरण नरेंद्र नवानी एवं पेयजल निगम के आर्किटेक्ट हेम जोशी भी थे। उधर, महापौर ने कहा कि शहर में जितने भी विद्युत पोल क्षतिग्रस्त स्थिति में है उन सभी को बदलने की कार्रवाई चल रही है। विद्युत विभाग ने 1000 पोल खरीदने की व्यवस्था की है। नगर में बार-बार खोदी जा रही सड़कों के बारे में उन्होंने साफ कहा कि जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा और यदि कोई भी विभाग नगर निगम को विश्वास में लिए बगैर नगर निगम की सड़कों को तोड़कर डालता है तो उन सरकारी विभागों के विरुद्ध जरूरत पड़ी तो वे मुकदमा तक दर्ज कराएंगे क्योंकि सड़के तोड़कर छोड़ दी जाती हैं और उससे जनता को बहुत परेशानियां होती है। जो भी विभाग सड़कों को तोड़ेंगे उन्हें यह भी बताना होगा कि वह उस सड़क को कितनी समय सीमा में ठीक करके देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *