काशीपुर। किसान विकास क्लब (उत्तराखंड) की मासिक बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान को लेकर निर्णय लिए गए। अनाज मंडी स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में वीर एवं साहसी गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती पर उन्हें नमन कर उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया गया। क्लब के उपाध्यक्ष सरदार अर्जुन सिंह ने किसानों को गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। बैठक में क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने मुरादाबाद-काशीपुर के बीच बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-734 के निर्माण में अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि सड़क के भरान में मिट्टी की जगह फैक्ट्रियों से निकलने वाला सफेद रंग का केमिकल युक्त अपशिष्ट और काली राख डाली जा रही है। किसानों को आशंका है कि बारिश के दौरान यह अपशिष्ट बहकर खेतों में पहुंचेगा, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति नष्ट होगी और फसलों पर दुष्प्रभाव पड़ेगा। किसानों ने मांग की कि इस पर तत्काल रोक लगाई जाए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। वहीं किसानों ने वर्ष 1983 अथवा इससे पूर्व वर्ग-4 पर काबिज भूमि को सरकार द्वारा वर्ग-1(ख) में परिवर्तित किए जाने का मुद्दा भी उठाया। बताया कि आदेशानुसार नजराना जमा करने के बावजूद चार वर्षों से वर्ग-1(ख) किसानों को मालिकाना हक नहीं दिया जा रहा है, जबकि वर्ग-4 को स्वामित्व मिल रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को कई बार ज्ञापन देने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिले हैं। इसके अलावा खेतों के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन को सड़क किनारे शिफ्ट करने की मांग भी उठाई गई। बैठक में सचिव श्वेतांशु चतुर्वेदी, टीका सिंह सैनी, रवि कुमार, भीम सिंह, डॉ. अशोक अरोरा, देवी सिंह यादव, चौधरी सतपाल सिंह, रवि साहनी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
