काशीपुर। कांग्रेस किसानों का उत्पीड़न सहन नहीं करेगी, सरकार को तत्काल किसानों की फसल का भुगतान करना होगा। उक्त विचार वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने यहां व्यक्त किए। वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री अलका पाल ने कहा कि धान की फसल का भुगतान न होने से नाराज किसानों द्वारा सहकारी समिति के गेट पर ठंड के दिनों में खुले आसमान के नीचे प्रदर्शन किया जा रहा है, हजारों कुंतल धान सरकार ने खरीद तो लिया, लेकिन उसे सरकारी पोर्टल पर न चढ़ाकर सरकार किसानों का हक मारने का काम कर रही है। कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने कहा कि किसान गेहूं की फसल की बुवाई भी कर्ज लेकर कर रहे हैं। बीज, खाद, डीजल सब उधारी पर है, लेकिन धान का अपना ही पैसा अटका पड़ा है, आखिर ऐसा कौन सा कारण है कि सरकार किसानों के पोर्टल को चालू नहीं कर रही है। जब धान पोर्टल पर चढ़ा ही नहीं तो उसका भुगतान नए साल में किसानों को कैसे हो पाएगा। 31 दिसंबर धान खरीद व पोर्टल एंट्री का आखिरी दिन है, ऐसे में किसानों के सामने यह प्रश्न है कि भुगतान आखिर किस तारीख को होगा। कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने कहा कि धान का भुगतान रुकने से किसानों के घर के खर्चे तक चलने मुश्किल हो गए हैं। अस्वस्थ लोगों का इलाज, बच्चों की पढ़ाई, गेहूं की बुवाई, सहकारी समिति और बैंकों के कर्ज के दबाव से किसान आखिर किस आधार पर निपटेंगे, जब उनकी फसल का ही भुगतान करने को सरकार तैयार नहीं है। अलका पाल ने कहा कि धान खरीद का भुगतान सरकार को तत्काल करना होगा। उन्होंने किसान नेताओं से संपर्क कर हर संभव मदद देने का वादा करते हुए कहा कि भुगतान न होने पर कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में आंदोलन करेगी ।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
