काशीपुर : व्यापार मंडल चुनाव जल्द होने के आसार नजर नहीं -ढाई माह पूर्व मिले संकेत हवाई साबित, सदस्यता अभियान को लेकर भी नजर नहीं आ रही कोई सुगबुगाहट काशीपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की काशीपुर इकाई के चुनाव जल्द होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इस संबंध में करीब ढाई माह पूर्व मिले संकेत भी हवाई साबित हुए हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि बीती 10 अक्टूबर को काशीपुर में हुई व्यापार मंडल के प्रदेश व जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद इस ओर कोई कदम आगे नहीं बढ़ाया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की काशीपुर इकाई के चुनाव वर्ष 2020 में संपन्न हुए थे। इसके बाद कोरोना महामारी के चलते पुरानी इकाई का कार्यकाल बढ़ाया गया था। बीती 10 अक्टूबर को स्थानीय एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान व्यापार मंडल के प्रदेश व जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने मीडिया को बताया कि उक्त चुनाव जनवरी माह में संपन्न कराये जा सकते हैं। उनके द्वारा काशीपुर इकाई को भंग करने की घोषणा भी की गई और नई कार्यकारिणी के चुनाव हेतु अश्वनी छाबड़ा, सत्यवान गर्ग, दिलप्रीत सेठी, निकेश अग्रवाल को मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा अनिल डावर, जतिन नरूला, प्रमोद राजहंस, राजाराम राजपूत, जतिन गोयल व हिमांशु अरोरा को चुनाव अधिकारी घोषित किया गया। मीडिया को बताया गया कि उक्त अधिकारी चुनाव की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर सदस्यता अभियान एवं चुनाव की तिथि निर्धारित करेंगे, लेकिन ढाई माह बीत जाने के बाद भी इस ओर कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया है। यहां तक कि सदस्यता अभियान को लेकर भी कोई सुगबुगाहट कहीं से कहीं तक नजर नहीं आ रही है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
