March 6, 2026
IMG_20260105_204427

काशीपुर। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जनता के विरोध को दरकिनार कर भाजपा ने कांग्रेस का पुतला फूंककर अपनी मजाक उड़वाने के अलावा कुछ नहीं किया। बेहतर होता वह इस मामले की सीबीआई जांच कराये जाने की पैरवी अपनी सरकार से करती। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी, उत्तराखंड की वह बेटी जिसे आज पूरे विश्व की बेटी के तौर पर देखा जा रहा है। उसका दर्द समझा जा रहा है, लेकिन अगर समझ किसी को नहीं आ रहा तो मुझे लगता है कि वह कहीं न कहीं भाजपा की सरकार है जो अपने नेताओं की करतूतों पर हमेशा पर्दा डालने का काम करती है। अंकिता भंडारी, जिसे उसके माता-पिता ने पढ़ाया लिखाया लेकिन बचा नहीं पाई, क्योंकि भाजपा सरकार जिसके नेताओं को स्पेशल सर्विस चाहिए होती है, अंकिता के मना करने पर उसकी हत्या कर दी गई। यह बहुत शर्मनाक है। पूजा सिंह ने कहा कि उत्तराखंड को देवों की भूमि कहा गया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद करने वाली भाजपा सरकार में देवभूमि की बच्ची के साथ दुराचार कर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में न्याय की मांग पिछले 3 साल से कांग्रेस करती आ रही है। जन-जन के साथ ही कांग्रेस की मांग है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराई जाए। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी उर्मिला सनावर ने कई साक्ष्य रखने की बात कही, ऑडियो सुनाया। कहा, मेरे पास बहुत से सबूत है जिनको मैं सबके सामने लाना चाहती हूं लेकिन आज वह उर्मिला सनावर भी कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं। लगता है उन्हें किसी न किसी रूप में दबाया धमकाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस का पुतला जलाया जाना औचित्यहीन रहा। ऐसा कर भाजपाइयों ने अपनी ही मजाक बनवाई, क्योंकि पब्लिक सब जानती है। बेहतर होगा कि भाजपा इस मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाये। पूजा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सीबीआई जांच की मांग पर अडिग रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *