March 6, 2026
Screenshot_2026-01-06-11-17-24-24

काशीपुर। आज सकट चतुर्थी है। संतान की सुरक्षा और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए महिलाओं ने आज व्रत रखा है। ज्योतिषों के मुताबिक, माघ कृष्ण चतुर्थी तिथि आज मंगलवार सुबह 8:01 बजे से शुरू होकर बुधवार 7 जनवरी को सुबह 6:52 बजे तक रहेगी। चंद्रोदय रात 8:54 बजे होगा। कुछ लोग दिन में भी सकट चतुर्थी का पूजन‌ करते हैं। माघ मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को सकट चतुर्थी का व्रत संतान की सुरक्षा और परिवार की सुख-शांति के लिए रखा जाता है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा की जाती है और उन्हें तिलकुट का भोग लगाया जाता है। इसे वक्रतुण्डी चतुर्थी, माही चौथ और तिलकुटा चौथ भी कहते हैं। सकट चौथ के दिन भगवान गणेश को तिल और गुड़ मिलाकर भोग अर्पित किया जाता है, गणपति जी को पीले वस्त्र धारण करा कर, धूप, घी, लाल रोली, कलावा, फूल आदि पूजन सामग्री अर्पित कर पूजा की जाती है। इस दिन भगवान श्रीगणेश के पूजन के बाद चंद्रदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है, और चंद्र देव से घर-परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की जाती है। सकट चतुर्थी पूजन‌ के लिए महिलाओं को बाजार में गुड़, तिल, बथुआ आदि खरीदते देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *