March 6, 2026
IMG-20260107-WA0204

जसपुर। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कांग्रेस और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित बताते वरिष्ठ भाजपा नेता डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को अंकिता को न्याय से कोई वास्ता नहीं, बल्कि वह अपनी राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। इसीलिए अंकिता हत्याकांड जैसे संवेदनशील मुद्दे को वह राजनीतिक हथियार बना रही है। मीडिया को जारी बयान में डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि धामी सरकार ने मजबूत पैरवी कर इस हत्याकांड के दोषियों को सजा दिलायी। विपक्ष को इसमें कुछ चूक लगती है तो वह न्यायालय को तथ्यों से अवगत करा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक सुनियोजित रणनीति के तहत भाजपा सरकार और संगठन की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। दिवंगत बेटी की हत्या के मुद्दे पर विपक्ष एक बार फिर अफवाह और साजिशन झूठ फैला रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि कांग्रेसी नेता लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद अब इस संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर घृणित राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कथित वीआइपी को लेकर जांच एजेंसी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है और न्यायालय में हर स्थिति साफ हुई है। डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पहले भी वीआईपी को लेकर तमाम आरोप लगा चुकी है और जब उसे सफलता नही मिली तो वह नये नाम लेकर मैदान में उतरी। न्यायालय में स्थिति स्पष्ट होने के बाद जनता की अदालत में भी उसे मुह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्पष्ट कह चुके हैं कि वे अंकिता के पिता से बात कर आगे कदम बढ़ाएंगे, लेकिन कांग्रेस का मकसद इस संवेदनशील मुद्दे को हवा देना और इस आड़ में भाजपा के बडे़ नेताओं को बदनाम कर निजी स्वार्थ के लिए जनाक्रोश उत्पन्न करना है, लेकिन ऐसे षड्यंत्र रच कर कांग्रेस के मंसूबे पूरे होने वाले नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *