March 6, 2026
IMG_20260109_113200

काशीपुर। शहर के समग्र विकास के लिए काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (केडीएफ) का एक प्रतिनिधिमंडल जिलास्तरीय विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जयकिशन से मिला। इस दौरान केडीएफ के अध्यक्ष राजीव घई ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष को बताया कि द्रोणासागर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उसको 13 डेस्टिनेशन, 13 डिस्ट्रिक्ट योजना के अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के प्रथम चरण का कार्य कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। द्रोणासागर के प्रथम चरण के स्थायी रखरखाव एवं संचालन के लिए नगर निगम काशीपुर को अधिकृत किए जाने की मांग की है। इससे न केवल संपत्ति का बेहतर संरक्षण हो सके बल्कि लंबित द्वितीय चरण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। प्रतिनिधि मंडल ने बाजपुर रेलवे फाटक पर रेलवे विभाग की ओर से स्वीकृत अंडरपास के निर्माण कार्य का विषय उठाया। केडीएफ के उपसचिव चक्रेश जैन ने काशीपुर मास्टर प्लान को शीघ्र लागू किए जाने की मांग रखी। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने अवगत कराया कि काशीपुर में शीघ्र कई महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय विकास योजनाएं प्रारंभ होने जा रही हैं, जो नगर के विकास को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने काशीपुर के विकास के लिये पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *