June 14, 2025
मानव गरिमा ब्यूरो

काशीपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज काशीपुर आ रहे हैं‌। वे यहां रामलीला मैदान मे़ नैनीताल-उधमसिंहनगर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अजय भट्ट के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा सांसद प्रत्याशी अजय भट्ट भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के काशीपुर आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भाजपा कार्यकर्ता आगमन पर स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं‌। चप्पा-चप्पा भाजपा नजर आ रही है। भाजपा चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज दोपहर 2 बजे रामनगर रोड स्थित श्री रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इसको लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस विशाल रैली को सफल बनाने के लिए जीजान से जुटा हुआ है। उधर, केंद्रीय रक्षा मंत्री की रैली को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। रामलीला मैदान में भी पुलिस मुस्तैद नजर आ रही है। बहरहाल, निर्धारित समय के मुताबिक बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों व आमजन का रामलीला मैदान में पहुंचना शुरू हो गया है। इंतजार है तो केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के काशीपुर पहुंचने का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *