March 6, 2026
Screenshot_2026-01-15-12-48-07-90

बाजपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के बरहैनी क्षेत्र के गांव कपकोट हरसान में आज तड़के वन तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच हुई मुठभेड़ में वनकर्मियों के बीच खुद को घिरा देख तस्करों ने पांच हवाई फायर किए। जवाब में वन कर्मियों ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे। विभाग ने मौके से खैर की लकड़ी के 20 नग और तस्करी में इस्तेमाल तीन बाइकें बरामद की हैं। बरहैनी वन रेंजर कैलाश मेहरा ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चंद्र तिवारी के निर्देश और उप प्रभागीय वनाधिकारी मनिंदर कौर के नेतृत्व में संयुक्त टीम आज तड़के क्षेत्र में गश्त पर थी कि बरहैनी के पास कपकोट हरसान में लकड़ी तस्करों के गिरोह से टीम का आमना-सामना हो गया। वन कर्मियों को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की और टीम को डराने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। वन कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद तस्कर वाहन छोड़कर जंगलों में भाग निकले। वन रेंजर कैलाश मेहरा ने बताया कि मुठभेड़ में एक आरोपी दलजीत को पहचान लिया गया था। बाद वन विभाग और एसओजी की संयुक्त टीम ने फरार मुख्य अभियुक्त दलजीत उर्फ डल्लू पुत्र चरण सिंह के घर पर दबिश दी। इसके साथ ही अस्कोट गांव में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध खैर की लकड़ी बरामद हुई। चार तस्करों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है, जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। कार्रवाई टीम में वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा, पूरन चंद्र जोशी, जगदीश चंद्र जोशी, ठाकुर दत्त ध्यानी, आदित्य सिंह, अनिल थायत, विवेक गोस्वामी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *