March 11, 2026
Screenshot_2025-07-24-15-17-12-83

काशीपुर। डंपर की पार्टनरशिप को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक युवक और उसके माता-पिता पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कृपाण और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुंडेश्वरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम गांधीनगर खत्ता निवासी हरजोत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बरहैनी निवासी मंगल सिंह के साथ डंपर में उसकी पार्टनरशिप थी। आरोप है कि दिसंबर 2023 से डंपर से होने वाली पूरी कमाई मंगल सिंह खुद ही रखता रहा। जब भी उसने मुनाफे का हिसाब मांगा, तो उसे टाल दिया गया। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। पीड़ित के अनुसार 9 मार्च की सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह अपने पिता सतनाम सिंह और माता हरजीत कौर के साथ गुलजारपुर गुरुद्वारे के पास से गुजर रहा था। तभी सफेद रंग की बोलेरो में सवार होकर आए मंगल सिंह, मलकीत सिंह, निशान सिंह, साहबी और बलविंदर सिंह ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि सभी ने जान से मारने की नीयत से कृपाण और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हरजोत सिंह के पेट में कृपाण लगने से गहरा घाव हुआ है, जबकि उसकी माता हरजीत कौर के सिर में गंभीर चोट आई है। पिता सतनाम सिंह के हाथ में लोहे की रॉड लगने से फ्रैक्चर हो गया और सिर पर भी चोट आई है। सूचना मिलने पर उसके भाई टीटू सिंह ने तीनों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले में पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *