March 6, 2026
मानव गरिमा ब्यूरो
काशीपुर। नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सामने मेयर के लिए आठ नाम सामने आये हैं। शनिवार को गिरीताल के समीप स्थित एक होटल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव को लेकर बैठक ली। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुटने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के सामने मेयर के लिए निवर्तमान मेयर ऊषा चौधरी, डॉ. यशपाल रावत, दीपक बाली, खिलेंद्र चौधरी, सीमा चौहान, राहुल पैगिया, डॉ. गिरीश तिवारी व रवि पाल के नाम सामने आए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रायशुमारी के बाद जो एक नाम सामने आएगा, टिकट उसी को मिलेगा। पार्टी सर्वे के आधार पर नाम की घोषणा करेगी। सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उसे ही एकजुट होकर चुनाव लड़ाएंगे। बैठक में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, मोहन बिष्ट, पुष्कर बिष्ट, गुरविंदर सिंह चंडोक आदि मौजूद रहे। उधर, भाजपा नगर मंडल द्वारा श्री अग्रवाल सभा भवन में निकाय चुनाव के लिए आवेदन पत्र से संबंधित बैठक की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल व मंडल प्रभारी अमित नारंग द्वारा की गई। इस दौरान भाजपा नगर मंडल में 24 वार्डाे से 150 भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न वार्डों से पार्षद पद के लिए दावेदारी पत्र जमा किये गये। नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि यह आवेदन प्रतिक्रिया तब तक चलेगी जब तक भाजपा हाई कमान से कोई भी आदेश नहीं आता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक जमीन से जुड़ा कार्यकर्ता आवेदन जमा कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *