June 10, 2025
मानव गरिमा ब्यूरो
मुरादाबाद। अब इसे समाजवादियों की भूल कहें या अज्ञानता। सपा कार्यालय पर हुई बैठक में रमाबाई आंबेडकर की पुण्यतिथि पर सावित्रीबाई फुले की तस्वीर पर सपाइयों ने माल्यार्पण कर दिया। सपा की लोकसभा प्रत्याशी के माल्यार्पण करने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
हालांकि, कार्यक्रम के बाद गलती का अहसास होने पर सपाइयों ने इसे मानवीय चूक बताया। सोमवार को सपा जिला कार्यालय पर बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और सपा प्रत्याशी रुचिवीरा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में चार जून को होने वाली मतगणना की तैयारियों पर चर्चा की गई।साथ ही सपा नेताओंं को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इसके बाद सपाइयोंं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की पत्नी रमाबाई आंबेडकर को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया। हालांकि, सपा नेताओं ने रमाबाई आंबेडकर की जगह सावित्रीबाई फुले की तस्वीर पर ही माल्यार्पण कर पुण्यतिथि मना ली, जबकि सावित्रीबाई फुले की पुण्यतिथि 10 मार्च को मनाई जाती है।
ये हाल तब हुआ जब तस्वीर पर अंग्रेजी में साफ-साफ शब्दों में सावित्रीबाई फुले का नाम लिखा हुआ था। न तो किसी सपाई ने तस्वीर देखी और न उस पर लिखे नाम को पढ़ने की जहमत उठाई। इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर में मुरादाबाद लोकसभा सीट से पार्टी की प्रत्याशी रुचिवीरा बाकायदा सावित्रीबाई फुले की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हुए दिख रही हैं। फोटो वायरल होने के बाद सपा की ओर से बैठक की खबर तो जारी की गई, लेकिन इसमें पुण्यतिथि का कोई जिक्र नहीं किया गया। वहीं इस मामले में सपा नेता कुछ भी बोलने से बचते रहे। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहा कि भूल से पार्टी के लोगों ने ऐसा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *