काशीपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। घंटियों और शंख की ध्वनि के बीच बम बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। सुबह से ही शिव भक्त मंदिरों में पहुंच रहे हैं।
काशीपुर के तीन प्रमुख शिव मंदिरों (चैती परिसर स्थित श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर, जसपुर खुर्द स्थित श्री बासियों वाला शिव मंदिर, मौहल्ला पक्काकोट स्थित श्री नागनाथ मंदिर) समेत क्षेत्रभर के शिवालयों में में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। श्रद्धालु भांग, धतूरा, बेल पत्र, फल और पूजा सामग्री लेकर मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। जलाभिषेक के लिए पहुंचे भक्त नीलकंठ महादेव से अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर कमेटी ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उधर, चैती परिसर में लगे महाशिवरात्रि मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। खानपान की दुकानों पर भारी भीड़ है। वहीं, मौसम बिगड़ने की आशंका के चलते दुकानदार बेहद चिंतित हैं। हालांकि, सब भगवान की मर्जी कहते हुए वे ग्राहकों की आवभगत में लगे हैं।
कुल मिलाकर महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर क्षेत्र भर में भक्ति और उत्साह का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है। इधर, महाशिवरात्रि पर्व पर पुलिस द्वारा की गई चाकचौबंद व्यवस्था की चहुंओर लोग खुले मन से प्रशंसा कर रहे हैं।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
