March 6, 2026

काशीपुर। चैती मेले में उचित व्यवस्थाओं हेतु धर्मयात्रा महासंघ ने उपजिलाधिकारी/प्रबन्धक चैती मेला कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया कि इस वर्ष बसन्त नवरात्र रविवार, 30 मार्च से प्रारम्भ हो रहे हैं, साथ ही चैती मेले का शुभारम्भ हो जाएगा, जिसमें लाखों लोग आते हैं। ज्ञापन के माध्यम से धर्मयात्रा महासंघ ने मांग उठाई कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में शुद्ध पेजयल आपूर्ति चौबीस घन्टे उपलब्ध कराई जाए। सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में पूर्ण सुचारु प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सफाई, कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव, सड़े गले फलों व बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबन्ध, स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, मुख्य मार्गों पर सुबह-सायं पानी का छिड़काव की व्यवस्था कराई जाए। मेले के पूर्व में बहने वाली महादेव नहर में उक्त अवधि में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति तथा नहर में पड़ने वाले प्रदूषित पानी की निकासी पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया जाए। तीर्थ द्रोणासागर के उत्तर में गऊशाला गांधी आश्रम होते हुए चैती मेला तक जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक प्रबन्ध (प्रकाश/पुलिस पेट्रोलिंग) होने चाहियें। मेला क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था नितान्त आवश्यक है। मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखकर कुछ स्थानों को चिन्हित कर चल शौचालय की व्यवस्था की जाए। मेले को जोड़ने वाले सभी मार्गों, गोविषाण दुर्ग व सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की जाये। साथ ही महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती आवश्यकतानुसार की जाए। मेले में मांस, मदिरा आदि वस्तुओं की बिक्री व निर्माण कार्य पूर्ण प्रतिबन्धित हों। मेले में मनचलों, जेबकतरों व अन्य अश्लील हरकतें करने वालों पर अंकुश लगाये जाने हेतु आवश्यक प्रबन्ध किये जायें। इस दौरान धर्मयात्रा महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री कृष्ण कुमार अग्रवाल, एडवोकेट, सरंक्षक पं. राघवेन्द्र नागर, अध्यक्ष आरपी राय, कोषाध्यक्ष डा. महेश अग्निहोत्री एवं सदस्यगण एडवोकेट विपिन अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल (पैगिया), धर्मेन्द्र तुली एडवोकेट, चन्द्रभान सिंह, मदन मोहन गोले, सुभाष चन्द्र शर्मा, रमन बिहारी दास (रंजीत धीमान), जयप्रकाश सिंह, आरसी जोशी, डीसी पाण्डेय, संजय कांबोज व अमित सक्सेना आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *