June 10, 2025
मानव गरिमा ब्यूरो

काशीपुर (मुकुल मानव)। लोकसभा चुनाव में चार सौ पार का नारा बुलंद करती भारतीय जनता पार्टी ने देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी चुनावी बिगुल बजा दिया है। उत्तराखंड की तीन लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी भी तय कर दिये हैं। चुनाव कार्यालय भी खोले जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अभी तक उत्तराखंड की पांच सीटों में से एक भी सीट पर प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया है। कुमाऊं की सबसे बड़ी नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट से कांग्रेस आलाकमान के पत्ते खोलने का पदाधिकारियों समेत कार्यकर्ताओं को इंतजार है। सूत्रों के मुताबिक, इस सीट के इस बार तराई के खाते में जाने के आसार हैं। तराई से एक विधायक, एक पूर्व दर्जा राज्य मंत्री और नैनीताल से एक पूर्व विधायक का नाम फाइनल कर तीन दावेदारों के पैनल में आलाकमान तक पहुंचने की जानकारी है। इस संसदीय सीट पर उधमसिंहनगर जिले के नौ और नैनीताल जिले के पांच विस क्षेत्र शामिल हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनावी मैदान में उतारा था। हरीश रावत को भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। वहीं इस बार फिर से भाजपा ने अजय भट्ट पर ही इस सीट से दांव खेला है। इससे पूर्व, वर्ष 2009 और 2014 के चुनाव में तराई से ही कांग्रेस के प्रत्याशी केसी सिंह बाबा इस सीट से चुनाव लड़े थे। इसमें 2009 में उन्हें जीत हासिल हुई तो 2014 में भाजपा से ही पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी से हार का सामना करना पड़ा था। परिसीमन के बाद वर्ष 2008 में नैनीताल-उधमसिंहनगर संसदीय सीट बनी थी। इससे पूर्व यह नैनीताल लोकसभा सीट के नाम से थी। अब तक हुए चुनाव में इस सीट पर 12 बार कांग्रेस और चार बार भाजपा को जीत मिली है। जनता दल और जनता पार्टी को एक-एक बार जीत मिली है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इस बार प्रत्याशी चयन में युवा चेहरों को तरजीह देने पर विचार कर रही है। नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले से कई वरिष्ठ और युवा नेताओं ने इस सीट पर टिकट के लिए दावेदारी जताई थी, पर स्क्रीनिंग के बाद तीन नाम का पैनल इस सीट के लिए फाइनल हुआ है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के कई बड़े नेता चुनावी मैदान में उतरने से बच रहे हैं। इसके चलते ही कांग्रेस अपने विधायकों, पूर्व दर्जा राज्य मंत्रियों और पूर्व विधायकों के कद को टटोल रही है। ऐसे में कांग्रेस की लिस्ट में चौंकाने वाले नाम भी सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *