March 6, 2026
Screenshot_2025-06-19-19-56-27-48

रामपुर। जिले के एक गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला वाकया सामने आया है। इससे गांव वाले हैरान हैं। 55 साल के अधेड़ ने बेटे की मंगेतर से निकाह कर लिया। आठ दिन तक गायब रहने के बाद जब वह युवती के साथ लौटा तो घर में कोहराम मच गया। बात पंचायत तक पहुंची और दोनों को गांव से बाहर निकाल दिया। लोग अलीगढ़ की सास-दामाद की कहानी अभी भूले नहीं कि रामपुर में इससे उलट नया मामला सामने आ गया। यहां कहानी की शुरुआत छह महीने पहले हुई। भोट थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बेटे का रिश्ता पास के गांव की 18 वर्षीय लड़की से तय किया था। रिश्ता तय होने के बाद पिता का लड़की के घर बार-बार जाना शुरू हो गया। कभी रिश्तेदारी निभाने के बहाने, तो कभी शादी की तैयारियों का हवाला देकर वह वहां पहुंचता रहा। लड़के के परिवार वाले इसे एक सामान्य व्यवहार मानते रहे। उन्हें नहीं पता था कि मामला कुछ और ही है। बताया जाता है कि करीब आठ दिन पहले दूल्हे का पिता कार लेकर उसकी मंगेतर के गांव पहुंचा। इसके बाद लड़की को दवा दिलाने के बहाने अपने साथ दिल्ली ले गया। जब वह वापस लौटा तो उसने होने वाली बहू को अपनी पत्नी बताया। इसे सुनकर लड़का अवाक रह गया और फिर गुस्से में फट पड़ा। घर में जमकर झगड़ा होने के साथ लात-घूंसे चले। कुछ ही देर में यह खबर गांव भर में फैल गई। इसके बाद पंचायत बैठी और सबने अधेड़ की हरकत को शर्मनाक बताया। बेटे और मां ने अधेड़ और युवती को घर से निकालने को कहा। गांव की बहू बनने वाली लड़की अब अधेड़ की बीवी बन चुकी थी। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि इस रिश्ते को क्या नाम दें। पंचायत के फैसले के बाद दोनों को गांव से बाहर निकाल दिया गया। प्रेमी जोड़े ने अब शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव में नया बसेरा बना लिया है। लड़की के घरवाले इस पूरे मामले में चुप हैं। घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *