March 6, 2026
Screenshot_2025-06-23-13-40-27-07

मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के एक युवक ने रविवार शाम अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ हाशमपुर गोपाल गांव स्थित होटल में रंगे हाथों पकड़ लिया। इस घटना के बाद होटल में जमकर हंगामा हो गया। हंगामे को देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया, लेकिन इस बीच आरोपी प्रेमी होटल की दूसरी मंजिल से कूदकर फरार हो गया इसके बाद उसकी पत्नी भी यहां से चली गई। पीड़ित पति ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी प्रेमी की बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। रविवार शाम करीब 6 बजे मैनाठेर थाना क्षेत्र निवासी युवक को शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी और के साथ है। उसने अपनी पत्नी का पीछा किया और अपने आधा दर्जन साथियों के साथ पाकबड़ा के हाशमपुर गोपाल गांव स्थित होटल जा पहुंचा। होटल के बाहर उसने अपनी पत्नी के प्रेमी की बाइक खड़ी देखी तो उसका शक यकीन में बदल गया और वह आग बबूला हो गया। अंदर जाकर उसने होटल के रजिस्टर में देखा तो वहां दोनों की आईडी लगी हुई थी। यह देखते ही पीड़ित युवक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने होटल स्टाफ से कमरा खोलने के लिए कहा, लेकिन स्टाफ ने यह कहकर मना कर दिया कि जब वे कमरे से निकलें तब उन्हें पकड़ लेना। स्टाफ के इस जवाब से युवक और भड़क गया। गुस्साए युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर होटल में जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। होटल के अंदर और बाहर हो रहे इस हंगामे को देखने के लिए देखते ही देखते भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग तरह-तरह की बातें करने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया।इधर, हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपी प्रेमी जो कमरे के अंदर ही था, मौका पाकर होटल की बिल्डिंग के पड़ोस वाली छत से कूदकर भाग गया। वहीं, हंगामे का फायदा उठाकर युवक की पत्नी भी होटल से निकलकर फरार हो गई। जल्दबाजी में आरोपी प्रेमी अपनी बाइक होटल में ही छोड़कर चला गया। पुलिस ने आरोपी की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। युवक और उसकी पत्नी से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच के बाद पुलिस कार्यवाही करेगी। युवक की पत्नी को पुलिस ने फोन कर वापस थाने बुला लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *