काशीपुर। शहर में बढ़ते ई-रिक्शा से जाम की स्थिति पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस ने पिछले दिनों नगर निगम क्षेत्र के ई-रिक्शा का सत्यापन शुरू किया। इस दौरान जिन ई-रिक्शाओं का सत्यापन हो गया है, उनका सत्यापन नंबर जारी किया जाएगा। इस प्रक्रिया से यूपी क्षेत्र के ई-रिक्शा के संचालन पर काफी हद तक रोक लग सकेगी। यातायात पुलिस व सीपीयू की चेकिंग के दौरान पता चला कि बड़ी संख्या में यूपी क्षेत्र के ई-रिक्शा का संचालन निगम क्षेत्र में हो रहा है। इसके चलते जाम की स्थिति बन रही है। तब यातायात पुलिस ने मई के अंतिम सप्ताह से आठ जून तक नगर निगम क्षेत्र के ई-रिक्शा व सीएनजी टैम्पो संचालन के लिए सत्यापन अभियान चलाया था। इस दौरान लगभग दो हजार वाहनों का सत्यापन किया गया। ऐसे में यूपी के ई-रिक्शा चालकों ने क्षेत्र में आना लगभग बंद कर दिया था। यातायात पुलिस के प्रभारी जितेंद्र पाठक ने बताया कि क्षेत्र के अधिकतर ई-रिक्शा का सत्यापन हो चुका है। अब यातायात पुलिस इन रिक्शा चालकों को सत्यापन नंबर व आईडी कार्ड इश्यू करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया ई-रिक्शा चालकों को सत्यापन नंबर अपने वाहन पर अंकित करना होगा। साथ ही वाहन संचालन के समय आईडी पहनकर रखना अनिवार्य होगा। बताया इस प्रक्रिया से काफी हद तक यूपी के ई-रिक्शा का आना बंद हो जाएगा और यदि चेकिंग में बिना सत्यापन के पकड़े जाते हैं, तो वाहन सीज की कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
