March 6, 2026
IMG_20250710_141233

काशीपुर। मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या रोशनी लिमिटेड के आसपास का इलाका आज उस वक्त दहल उठा जब फैक्ट्री परिसर में जोरदार धमाके के साथ हाइड्रोजन सिलेंडर फट गया। सुबह 11:30 बजे हुए इस भीषण विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट होते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरा फैक्ट्री परिसर धुएं और डर के गुबार में घिर गया। हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों को छुट्टी देकर बसों से बाहर भेज दिया और पूरे परिसर को सील कर दिया। एचआर हेड संजीव का कहना है कि हादसे में केवल एक महिला को मामूली चोट आई है, लेकिन चश्मदीदों का दावा है कि अंदर मौजूद 10 से 12 लोग झुलस गए हैं और कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं, लेकिन फैक्ट्री के अंदर किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि घटना को लेकर अब तक कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस धमाके ने एक बार फिर से फैक्ट्री सुरक्षा और हाइड्रोजन जैसे खतरनाक गैसों के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग सहमे हुए हैं और इलाके में दहशत का माहौल है। उधर, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो जाने की सूचना मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *