काशीपुर। उत्तरांचल पंजाबी महासभा (उपमा) की यहां संपन्न विशेष बैठक में संगठन की भविष्य दिशा, पुनर्गठन और कार्यशैली को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत में उपमा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई ने संगठन की भावी पीढ़ी को नेतृत्व सौंपने की भावना से अपनी असमर्थता व्यक्त करते हुए त्यागपत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने उम्र और स्वास्थ्य कारणों का उल्लेख करते हुए निवेदन किया कि अब समय है कि संगठन की कमान किसी ऊर्जावान और कर्मठ साथी को सौंपी जाए। बैठक में उपस्थित वरिष्ठजनों एवं कोर कमेटी सदस्यों ने एकमत से उनका त्यागपत्र अस्वीकार करते हुए आग्रह किया कि वे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपना मार्गदर्शन जारी रखें। साथ ही, सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि हरिद्वार के वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश पाहवा को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया जाए, जो संगठन की गतिविधियों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में सर्वसम्मति से अन्य निर्णय पारित किये गये, जिनमें उत्तरांचल पंजाबी महासभा का स्वरूप पूर्णतः गैर-राजनीतिक रहेगा।
किसी भी सक्रिय राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति को संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। उपमा को एक सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन के रूप में स्थापित कर, प्रदेश भर की सभी इकाइयों को पुनः सक्रिय एवं सशक्त किया जाएगा। आगामी 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” को प्रदेशभर में संगठित रूप से मनाने का निर्णय लिया गया, ताकि समाज के बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। बैठक के निर्णयों के बाद, प्रदेशभर से उपमा के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने राजीव घई को बधाई दी। काशीपुर इकाई से जिला अध्यक्ष प्रवीण सेठी, नगर अध्यक्ष आशीष अरोरा बॉबी, राजीव परनामी, मोहन सिंधवानी एवं प्रीत ढींगरा उनके निवास पर पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री घई का अभिनंदन किया। पूरे प्रदेश में इस निर्णय के बाद हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई। हरिद्वार, देहरादून, रुद्रपुर, हल्द्वानी, किच्छा, रुड़की, गदरपुर और अन्य क्षेत्रों से अनेक सदस्यों ने फोन, संदेशों और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। राजीव घई ने उपस्थित सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “उपमा सिर्फ संगठन नहीं, यह हमारी अस्मिता, संस्कृति, और एकता का प्रतीक है। अब समय है कि हम मिलकर नई ऊर्जा, पारदर्शिता और समाज सेवा की भावना के साथ संगठन को नए आयाम दें।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन में आगामी 6 माह के भीतर नव नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में ठोस कार्य योजना बनाई जाएगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
