March 6, 2026
Screenshot_2025-08-05-14-27-33-95

ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में महापौर दीपक बाली की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका * पूरी पटकथा तैयार, देहरादून से सूची जारी होने और चुनावी औपचारिकता होना शेष : सूत्र                        काशीपुर (मुकुल मानव)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के परिणामों के बाद अब इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं कि भावी जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख कौन होगें? भले ही अभी तक सब कुछ भविष्य के गर्भ में है, किंतु जहां तक काशीपुर का सवाल है यहां कयास कुछ भी लगाए जा रहे हों लेकिन तथ्य और हालात बता रहे हैं कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में निर्णायक भूमिका महापौर दीपक बाली की बनी हुई है और उनकी दूरदर्शी रणनीति के चलते लग रहा है कि काशीपुर का ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध रूप से बनने जा रहा है। अति विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्पष्ट नजर आ रहा है कि फिरोजपुर बीडीसी सीट से निर्विरोध चुनाव जीतीं नगर निगम पार्षद विजय कुमार बॉबी की धर्मपत्नी चंद्रप्रभा अब ब्लॉक प्रमुख भी निर्विरोध ही बनने जा रही हैं। पूरी पटकथा तैयार है, बस देहरादून से सूची जारी होने और चुनावी औपचारिकता होना शेष रह गई है।
पता चला है कि अपने मधुर व्यवहार एवं राजनीतिक कौशल में चतुर महापौर दीपक बाली ने जिस तरह से शतरंज की गोटियां बिछाई हैं, उसके चलते 33 बीडीसी सदस्यों में से अभी तक 28 भारतीय जनता पार्टी के खेमे में है। इनमें और इजाफा हो जाए कुछ नहीं कहा जा सकता जिससे विरोधी दलों की बेचैनी बढ़ना स्वाभाविक है। महापौर दीपक बाली ने चुनाव जीतते ही जिस तेजी से नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य शुरू किए और काशीपुर की दिशा और दशा बदलने हेतु चुनाव के दौरान अपने लिए गए संकल्पों के तहत करोड़ों रुपए की लागत से विभिन्न बड़े विकास कार्यों की वे जिस तरह तेजी से कार्य योजना तैयार करा रहे हैं उसके चलते न सिर्फ नगर निगम क्षेत्र में बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में भी दीपक बाली के प्रति जनता का रुझान बढ़ा है। जनता की समस्या कुछ भी हो और किसी भी विभाग से जुड़ी हो वे जिस तरह से तत्काल पीड़ितों के सामने ही उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं, उससे उनका कार्यालय जनता दरबार बन गया है। उल्लेखनीय पहलू तो यह है कि उनके कार्यालय में शहरी लोगों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र की जनता की भीड़ ज्यादा देखी जा रही है। विकास के प्रति उनकी दूरदर्शी सोच और सत्ता में बनी पकड़ से जनता का उनके प्रति विश्वास जगा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री से नजदीकियों और उनके कुशल मार्गदर्शन व सहयोग के चलते जिस तरह से उन्होंने काशीपुर के विकास का खाका तैयार किया है उससे अब शहरी और ग्रामीण जनता को महसूस हो रहा है कि निश्चित रूप से अब काशीपुर विकास की पटरी पर दौड़ रहा है। जनता के इसी अहसास का परिणाम है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समाप्त होते ही जिस तरह से जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम प्रधानों ने उनके कार्यालय पहुंचकर उनमें अपना विश्वास व्यक्त किया है, उससे साफ जाहिर है कि पंचायत प्रतिनिधि भी मानते हैं कि दीपक बाली के मार्गदर्शन में ही उनके क्षेत्रों का विकास संभव है और उन्होंने अपने ग्रामीण क्षेत्र की जनता से जो वायदे किए हैं वह पूरे हो सकते हैं और यही कारण है कि विजयी प्रत्याशी दलगत भावना से ऊपर उठकर महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में भाजपा खेमे में शामिल हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *