March 6, 2026

जेल से आज रिहा हो रहे सपा नेता आजम खां, समर्थकों में जोश
सीतापुर। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां आज 23 माह बाद जिला कारागार से रिहा हो रहे हैं। रामपुर एमपी एमएलए कोर्ट में जुर्माना जमा होने के बाद आधिकारिक मेल जिला कारागार सीतापुर पहुंच गई है। जिला कारागार ई मेल पहुंचने के बाद कुछ देर में आजम खां रिहा होंगे। पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए हैं। 3-3 हजार के दो जुर्माने कोर्ट में जमा हुए हैं। कुछ ही घंटों में आजम के जेल से बाहर आने की संभावना है। बता दें कि आजम की रिहाई की खबर सुनकर आज सुबह 5 बजे से ही समाजवादी पार्टी के विधायक अनिल वर्मा, समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं के साथ रामपुर से आए आजम खां के समर्थक जुटने लगे। दिन चढ़ने के साथ जिला कारागार के बाहर कार्यकर्ताओ की भीड़ बढ़ी तो एएसपी उत्तरी आलोक सिंह के साथ शहर कोतवाली, रामकोट, खैराबाद, बिसवां, सकरन व अन्य थानों की फोर्स बुलाई गई। इसी बीच सुबह करीब सवा सात बजे आजम खां के बेटे अदीब खां जिला कारागार पहुंचे। करीब 15 मिनट रुकने के बाद वह जेल से बाहर निकले। उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार किया। वह सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के आवास पर चले गए। ऐसा बताया जा रहा है कि करीब 2 घन्टे बाद आजम खां की रिहाई होगी।

*आजम खां के ऊपर दर्ज हैं 104 केस
आजम खां के ऊपर कुल 104 केस दर्ज हैं। इसमे रामपुर में 93 मामले। दर्ज हैं। सभी मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है। आज उनकी रिहाई होगी।
*सांसद रुचिवीरा बोलीं- पहले आजम खां साहब बाहर आएं, फिर उनके निर्देश पर तय होगी रणनीति
समाजवादी पार्टी की सांसद रुचिवीरा आज आजम खां की रिहाई को लेकर सीतापुर पहुंची हैं। कहा कि न्यायपालिका को धन्यवाद देती हूं। बसपा में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आजम खां साहब पहले बाहर आएं। वह अपने परिवार के लोगों से मिलें। इसके बाद उनके निर्देश पर आगे की रणनीति पर काम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *