मुरादाबाद। शहर और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव आ गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन इसी बीच बिलारी क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। खेतों में काम कर रहे एक महिला और पुरुष किसान की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। जानकारी के मुताबिक, बिलारी के मोहल्ला अंसारियान पूर्वी के पास सरकड़ा गांव के जंगल में सोमवार दोपहर बाद दो किसान खेतों में काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहल्ला अंसारियान फुलवारी रोड निवासी साहबजादी (60) पत्नी नन्हे उर्फ हमीद और मिलक नगलिया गांव निवासी शिव सिंह (58) पुत्र मुरारी लाल के रूप में हुई है। शिव सिंह ने बटाई पर जमीन लेकर धान की फसल बोई थी। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह खेत में धान काटने गया था। तभी अचानक तेज गर्जना और चमक के साथ बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, साहबजादी अपने पति नन्हे उर्फ हमीद के साथ पालक की फसल की गुड़ाई कर रही थीं। दोनों खेत के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे थे। बिजली गिरने के दौरान साहबजादी भी कुछ ही दूरी पर थीं, जिससे उनकी भी मौके पर मौत हो गई। हमीद ने घबराकर शोर मचाया और आसपास के किसानों को बुलाया। ग्रामीणों ने दोनों को हिलाया-डुलाया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। परिजन साहबजादी को लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
