March 6, 2026
IMG_20251020_120608

काशीपुर। इस वर्ष दीपावली को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। आज, तो कुछ स्थानों पर कल भी रोशनी का ये पर्व मनाया जाएगा। हालांकि, काशीपुर क्षेत्र में ये त्यौहार आज मनाया जा रहा है। सुख, समृद्धि और प्रकाश के पर्व दीपावली का उल्लास चारों ओर छाया है। घर-द्वार वंदनवार की खुशबू से महक रहे हैं। इससे पहले रविवार को घरों के मुख्य द्वार और नालियों के पास सरसों के तेल के दीपक रखकर छोटी दीपावली मनाई गई। रात में आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगा नजर आया। वहीं, आज दीपावली के लिए घरों की रंग-बिरंगी झालरों से सजावट की गई है। चाैक-चाैराहों से लेकर बाजार और निजी-सरकारी कार्यालय तक रोशनी से सराबोर हैं। उल्लेखनीय है कि हिंदू धर्म में दीपावली का पर्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह पर्व हर साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे और नगरवासियों ने दीप जलाकर संपूर्ण अयोध्या को रोशन किया था। साथ ही समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी का प्राकट्य भी इसी दिन हुआ था। दीपावली के शुभ अवसर पर भक्त माता लक्ष्मी, भगवान गणेश, श्रीराम दरबार और कुबेर की पूजा की जाती है। आज दीपावली पूजन के लिए शुभ मुहूर्त शाम 7:29 मिनट से लेकर 9:26 मिनट तक है। मंगलवार को भी उदय तिथि में अमावस्या है। दुकानों, ऑफिस और प्रतिष्ठानों में दीपावली का पूजन किया जा सकता है। बुधवार को गोवर्धन पूजा और बृहस्पतिवार को भाई-दूज का त्योहार मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *